Showing posts with label कविता. Show all posts
Showing posts with label कविता. Show all posts

Monday, February 4, 2008

साक्षी स्‍कूल जा रहा है

...............-सरोज कुमार वर्मा

पीठ पर बस्‍ते का पहाड़
और वाटर-बॉटल में चुल्‍लू भर समंदर लिये
साक्षी स्‍कूल जा रहा है।

जूते काट रहे हैं पांव
गरदन कस रही है टाई
पीछे लदी किताब-कॉपियों के कारण
बैलेंस बनाये रखने की कोशिश में
आगे झुकी-झुकी दुख रही है कमर

मगर इन सब के बावजूद
साक्षी तेज-तेज कदमों से
स्‍कूल जा रहा है
कि देर हो जाने पर
क्‍लास से बाहर रहना पड़ेगा
या भरना पड़ेगा जुर्माना।

साक्षी ने आज होमवर्क नहीं किया
कल आई थी बुआ की बेटी झिलमिल
वह उसी के साथ खेलते-खेलते सो गया था
पर अभी स्‍कूल जाते
कांप रहा है उसका मन
कि इंग्लिश वाले सर
बड़ी बेरहमी से पीटते हैं।

साक्षी कभी-कभी स्‍कूल जाना नहीं चाहता
वह तितलियों के पीछे भागना चाहता है
उड़ाना चाहता है पतंग
खरगोश के बच्‍चे के साथ खेलना चाहता है
और चाहता है बाबा के पास गांव चला जाना

मगर उसे छुट्टि‍यां नहीं मिलती।
पापा कहते हैं – पढ़ो बेटा! खूब पढ़ो
तुम्‍हें कलक्‍टर बनना है
मम्‍मी कहती है – नहीं। डॉक्‍टर;
मगर साक्षी से कोई नहीं पूछता
वह क्‍या बनना चाहता है?
उसे पसंद है चित्र बनाना
गीत गाना और बजाना वायलिन।

लेकिन साक्षी क्‍या करे?
कहां फेंक आये पीठ पर लदा पहाड़?
कैसे खोले गरदन कसी टाई की गांठ?
आसमान में उड़ते पंछियों को देखकर
सड़क पर लगे माइल-स्‍टोन होने से
खुद को कैसे बचाये
सोचता हुआ साक्षी स्‍कूल जा रहा है।

Monday, September 24, 2007

बादल

-तारकेश्‍वर प्रसाद सिंह*

जब बादल का बीज सहेजती
प्रकृति होती है खुश
मुझे लगता है
उसकी खुशियों के कितने आयाम हैं
मसलन फूल की खुशी
चिडियों का पंख
होता जाता है और बड़ा
और इंद्रधनुषी
उसके बोल और प्‍यारे

जब बादल की कोपलें फूटती हैं
वनों में मृग दौड़ लगाने लगते हैं
ताल तलैयों की मछलियां
उछलने लगती हैं
धरती बिना जबान खोले
अपने अंदर पैदा करने लगती है
सुन्‍दरता के कई प्रतिमान
धरती आंखुआने लगती है
छोटे-छोटे बच्‍चे बारिश में भींगते
छोड़ते चले जाते हैं
कविता को पीछे और पीछे
सभ्‍यता के मालिकों के
कुकर्मों से उपजा शब्‍द
'पर्यावरण', प्रदूषण छोटा लगता है
उसकी चिंता बौनी

जो लोग धरती को मुठ्ठी में
बंदकर चाहते हैं दौड़ पड़ना
उनके सामने चुनौती अपने अणु परमाणु
भांति-भांति के नाश का सामान
फेंक कर शरणागत हो
धरती की छाती विशाल है
आओ जैसे मां के पास
आता है छोटा बच्‍चा
जैसे घोसले में आती है चिडिया

*कवि बैंक ऑफ बड़ोदा के मुजफ्फरपुर शाखा में कार्यरत है।

Monday, September 17, 2007

अंतिम इच्‍छा

- ओपी सरीन, आगरा।

अंतिम इच्‍छा
जब कोई नहीं रह जाएगा
साथ एक वृक्ष जाएगा
अपनी गौरयों, गिलहरियों से
बिछुड़कर जाएगा
एक वृक्ष।
अग्नि प्रवेश करेगा वही
मुझसे पहले,
कितनी लकड़ी लगेगी
श्‍मशान की टाल वाला पूछेगा।
ग़रीब से ग़रीब भी सात मन तो लेता ही है
लिखता हूं अंतिम इच्‍छाओं में
कि बिजली के दाहघर में हो
मेरा संस्‍कार
ताकि मेरे बाद
एक बेटे और एक बेटी के साथ
एक वृक्ष भी बचा रहे
संसार में।